चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल से घर जा रही नर्स से चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। उसके बाद उसके हाथ बांधकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। पटरी की देखरेख कर रहे कर्मचारियों ने ट्रैक पर बेहोश महिला को देखकर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को इलाज कराने के लिए प्रयागराज पहुंचाया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने 4 युवकों पर केस दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि युवती की हालत सामान्य होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ कई ठोस सबूत मिले हैं। पीड़िता प्राइवेट अस्पताल में नर्स का काम करती है। पीड़िता एक युवक को पहचानती है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पीड़िता सुबह साइकिल से अस्पताल जा रही थी। इसी बीच अंडरपास के पास एक युवक बाइक से आया और पीड़िता की साइकिल के आगे खड़ा हो गया। इसी बीच तीन और युवक आ गए। इसके बाद चारों युवकों ने पीड़िता को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद दोनों हाथ बांध दिए और रेलवे ट्रैक के पास ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता को रेलवे ट्रैक पर फेंककर चले गए। युवती के शरीर पर चोट व खरोंच के निशान मिले हैं। युवती की साइकिल और कान की एक बाली रेलवे ट्रैक के पास मिली है। पुलिस आगे की छानबीन कर रही है।