कानपुर। नगर निगम ने मामा-भांजे रेस्टोरेंट पर बुलडोजर चला दिया है। आरोप है कि मालिक मुबीन अहमद अपनी पहचान छिपाने के लिए तिलक लगाकर रेस्टोरेंट चला रहा था। यहां वेज के नाम पर नॉनवेज खाना परोसा जा रहा था। जानकारी के अनुसार कानपुर के किदवई नगर और बारादेवी क्रॉसिंग के बीच स्थित मामा-भांजे रेस्टाेरेंट को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताअों ने 26 सितंबर को हंगामा किया था। इसके बाद से ही यह बंद था। बजरंग दल के कार्यकर्ता विशाल बजरंगी ने आरोप लगाया था कि रेस्टोरेंट का मालिक मुबीन अहमद मुस्लिम है। अपनी पहचान छिपाने के लिए तिलक लगाता है और हिंदु होने का दिखावा करता था। बजरंग दल के हंगामे के बाद पुलिस ने रेस्टोरेंट को बंद करवा दिया था। गत 6 अक्टूबर को विकास और अशोक त्रिपाठी ने आईसीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी, जो कानपुर डीएम के जरिए नगर निगम तक पहुंची। इसके बाद पूरे मामले की जांच की गई। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि पूरी जांच-पड़ताल के बाद रेस्टोरेंट के खिलाफ कार्रवाई की गई। मामा-भांजे रेस्टोरेंट पर बुलडोजर चलाते समय पुलिस बल तैनात रहा। नगर निगम का कहना है कि मालिक ने रेस्टोरेंट के बाहर अवैध कब्जा किया था, इसी को लेकर बुलडोजर की कार्रवाई की गई।