नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने आज महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के साथ 48 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीटों के लिए चुनाव की तारीखों की घोषणा की। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने आज दिल्ली के विज्ञान भवन में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू की मौजूदगी में इस चुनाव की घोषणा की है।
चुनाव आयोग की घोषणा के अनुसार महाराष्ट्र में 20 तारीख को मतदान होगा और 23 तारीख को नतीजे घोषित किये जायेंगे। वहीं, झारखंड में दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को वोटिंग होगी और नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। उपचुनाव की बात करें तो देश की कुल 48 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को मतदान होगा। जबकि केरल की वायनाड लोकसभा सीट और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर 20 नवंबर को उपचुनाव कराने की घोषणा की गई है। गुजरात की वाव विधानसभा सीट पर 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे और नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
महाराष्ट्र-झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर जब चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू हुई तो मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा- हम एक नया स्वर्ण मानक स्थापित कर रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि जम्मू-कश्मीर चुनाव में 130 करोड़ रुपये जब्त किये गये हैं। जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के चुनाव में कोई हिंसा नहीं हुई। एक भी गोली नहीं चली। हर चुनाव में घटती हिंसा और बढ़ते वोट प्रतिशत से पता चलता है कि लोग मतदान में अपनी भागीदारी बढ़ा रहे हैं। कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना…।
प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में मुख्य चुनाव आयुक्त ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के मतदाताओं को चुनाव में उनकी मजबूत भागीदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों ने लोकतंत्र के उत्सव को ऐतिहासिक बनाया है। उन्होंने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपने अधिकार का प्रयोग किया है। उन्होंने मताधिकार का बखूबी प्रयोग किया और लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी। इन चुनावों में जो जुनून दिखा उसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। अब यह जम्मू-कश्मीर के लोगों पर निर्भर है कि वे इस लोकतांत्रिक यात्रा को आगे बढ़ाएं।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में एक चरण में सभी 288 सीटों पर 20 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। चुनाव आयोग के अनुसार महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए 22 अक्तूबर को अधिसूचना जारी होगी, जबकि नामांकन की आखिरी तारीख 29 अक्तूबर को है। इस कड़ी में 30 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, वहीं नाम वापसी के लिए 4 नवंबर आखिरी दिन होगा। महाराष्ट्र में कुल मतदाताओं की संख्या करीब 9.63 करोड़ है, जिसमें 4.97 करोड़ पुरुष मतदाताओं की संख्या है।
झारखंड
यहां 81 विधानसभा सीटों पर दो चरण में चुनाव होंगे। पहले चरण में 13 नवंबर और दूसरे चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा। जबकि 23 नवंबर को मतगणना होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि झारखंड में पहले चरण की अधिसूचना 18 अक्तूबर को जारी होगी। जबकि नामांकन 25 अक्तूबर से शुरू होंगे। वहीं नामांकन पत्रों की जांच 28 अक्तूबर को होगी। नाम वापसी 30 अक्तूबर को होगी। जबकि मतदान 13 नवंबर को होगा। झारखंड में कुल मतदाता 2.06 करोड़ हैं। इनमें से पुरुष मतदाता 1.31 करोड़ और महिला मतदाता 1.29 करोड़ हैं।