वायनाड। केरल के वायनाड जिले में जुलाई में हुए विनाशकारी भूस्खलन में सैकड़ों लोगों की जान चली गई। भूस्खलन में कई परिवार बिखर गए। इन लोगों में श्रुति नाम की एक युवा महिला भी शामिल है, जिसने अपना पूरा परिवार खो दिया है और अब वह कठिन समय से गुजर रही है। बुधवार को श्रुति को एक और झटका तब लगा जब उसके मंगेतर जेन्सन की कार एक्सीडेंट के बाद मौत हो गई।
दुर्घटना में चोट लगने के बाद जेन्सन गंभीर रूप से घायल हो गए और रात 08.50 बजे उनकी मृत्यु हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी नाक से खून बह रहा था और उनके दिमाग में भी अंदरूनी चोटें आई थीं। श्रुति पर दुखों का पहाड़ टूट गया है, एक झटके में उसका पूरा परिवार खत्म हो गया।
जेन्सेन की कार एक प्राइवेट बस से टकरा गई थी। कार में सवार श्रुति और जेन्सन के परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। मेडिकल स्टाफ की कोशिशों के बावजूद जेन्सन को बचाया नहीं जा सका।
30 जुलाई को मेप्पडी के चुरलमाला और मुंडक्कई गांवों में भूस्खलन से श्रुति के परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई थी। जिसमें उनके माता-पिता और उनकी छोटी बहन श्रेया शामिल थीं। इस प्राकृतिक आपदा ने उनका जीवन अचानक बदल दिया। परिवार के कई सदस्यों को खोने के बाद, श्रुति के पास अपने मंगेतर जेन्सन का सहारा था। दोनों की सगाई 2 जून को हुई थी। 29 अगस्त को श्रुति और जेन्सन पुथुमाला श्मशान गए थे। जहां उनके परिवार के कुछ सदस्यों का अंतिम संस्कार किया गया। श्रुति और जेन्सन ने पहले दिसंबर में शादी करने की योजना बनाई थी, लेकिन भूस्खलन के बाद उन्होंने सितंबर में अदालत-पंजीकृत विवाह करने का फैसला किया था, इसी बीच जेन्सन की मौत हो गई।