पेरिस। प्रवीण कुमार ने पेरिस पैरालंपिक के पुरुष ऊंची कूद टी64 स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। छोटे पैरों के साथ पैदा हुए प्रवीण कुमार ने छह खिलाड़ियों में 2.08 मीटर से सत्र की सर्वश्रेष्ठ कूद लगाई और शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत का यह छठा स्वर्ण और 26वां पदक है। भारत के खाते में अब तक 6 स्वर्ण, 9 रजत और 11 कांस्य पदक आ चुके हैं। प्रवीण का यह पैरालंपिक में लगातार दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक के 2.07 मीटर में रजत पदक जीता था। इस स्पर्धा में अमेरिका के डेरेक लोसिडेंट 2.06 मीटर के साथ दूसरे नंबर पर रहे और रजत पदक अपने नाम किया। उज्बेकिस्तान के टेमुरबेक जियाजोव ने 2.03 मीटर की जम्प के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया और कांस्य पदक जीता। प्रधानंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रवीण को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया(X) पर लिखा- नई ऊंचाइयों को छूने और पैरालिंपिक में पुरुषों की ऊंची कूद टी64 में स्वर्ण पदक जीतने के लिए प्रवीण कुमार को बधाई! उनके दृढ़ संकल्प और दृढ़ता ने हमारे देश को गौरवान्वित किया है। भारत को उन पर गर्व है।