किंशासा। अफ्रीकी देश कांगो में एक और भयावह घटना सामने आई है। दुनिया के सबसे गरीब देशों में से एक डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो की राजधानी किंशासा की एक जेल से भागने की कोशिश में सैकड़ों कैदियों की मौत हो गई है।
घटना पर रिपोर्ट करते हुए सरकार ने कहा कि सोमवार को किंशासा की केंद्रीय मकाला जेल से भागने की कोशिश के दौरान कम से कम 129 लोग मारे गए। कई मानवाधिकार संगठन मौत के आंकड़ों को लेकर सरकार से सवाल कर रहे हैं और कह रहे हैं कि सिस्टम कम आंकड़े जारी कर रहा है, इस भयावह घटना में मरने वालों की संख्या ज्यादा हो सकती है।
गृह मंत्री शबानी लुकू ने कहा कि 129 मौतों में से 24 की मौत गोलीबारी में हुई है, जबकि बाकी की मौत भागने के कारण हुई। कांगो के आंतरिक मंत्री ने कहा कि 129 में से 24 की मौत गोलीबारी में हुई, जबकि बाकी कैदियों की मौत घटना में धक्का दिए जाने या दम घुटने से हुई है। जेल के प्रशासनिक भवन, उसके भोजन डिपो और एक अस्पताल में भी आग लग गई, जिससे लगभग 59 लोग घायल हो गए। वीडियो के जरिए जारी बयान में शबानी ने कहा कि मकाला सेंट्रल जेल से भागने की कोशिश में कई लोगों की जान चली गई और काफी नुकसान हुआ है। जेल के एक अधिकारी ने बताया कि एक भी कैदी भागने में सफल नहीं हुआ। जिन लोगों ने जेल से भागने की कोशिश की उन्हें मार दिया गया। इस मामले में सरकार की ओर से कड़ी जांच करायी जा रही है।
बता दें, कांगो दुनिया के सबसे गरीब देशों में से एक है। हालांकि, कांगो में बड़ी मात्रा में खनिज हैं। 30 जून 1960 को आजादी के बाद भी देश अपनी प्राकृतिक संपदा के बावजूद कोई खास प्रगति नहीं कर पाया है। स्वतंत्रता के बाद से कांगो विभिन्न प्रकार के आंतरिक संघर्षों से जूझ रहा है।