अहमदाबाद। कच्छ और सौराष्ट्र पर असना चक्रवात का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने आज कच्छ-सौराष्ट्र में भारी बारिश की आशंका जताई है। कच्छ-सौराष्ट्र के चार जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट और तीन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कच्छ, देवभूमि द्वारका, जामनगर और मोरबी में आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। पोरबंदर, जूनागढ़, राजकोट में बारिश का येलो अलर्ट है। राज्य के अन्य जिलों में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। पिछले छह दिनों से गुजरात में भारी बारिश के बाद आज से कच्छ-सौराष्ट्र पर असना चक्रवात का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि जमीन पर बना डिप्रेशन मजबूत होकर समुद्र तल पर तूफान में बदल जाएगा। तूफान के कारण तटीय इलाकों में 85 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
चक्रवात 1 सितंबर तक गुजरात के तटीय इलाकों को प्रभावित करेगा। तूफान पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। कच्छ-सौराष्ट्र पर बना गहरा दबाव पिछले छह घंटों के दौरान करीब तीन किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा है। प्रशासन ने तूफान के साथ बारिश की आशंका के चलते लखपत, अबडासा, मांडवी तहसील के तटीय गांवों में कच्चे घरों या झोपड़ियों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने का अनुरोध किया है। बाढ़ के दौरान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए लोगों को स्कूलों, धार्मिक स्थानों, समाज की बाड़ी या अन्य नजदीकी पक्के मकानों में जाने का निर्देश दिया गया है।