मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में भारी बारिश में एक जर्जर मकान भरभराकर गिर गया। परिवार की तीन महिलाओं की मलबे में दबने से मौत हो गई। बिछवां थाना क्षेत्र के अंजनी विरायमपुर गांव में दो मंजिला मकान का अगला हिस्सा गुरुवार को सुबह धंसने से भरभराकर ढह गया।
विरायमपुर गांव के कौशलेंद्र सिंह ने 15 साल पहले दो मंजिला पक्का मकान बनवाए थे। वे अपनी पत्नी, चार बेटों, चार बहुओं और आठ नाती-नातिन के साथ इसी मकान में रहते थे। गुरुवार को सुबह बच्चे स्कूल में पढ़ने गए थे। कौशलेंद्र अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर बैठे थे। तीन बहुएं अगले हिस्से में खाना बना रही थी, तभी मकान अचानक भरभराकर गिर गया। घटना सुबह 8 बजे की है। मकान गिरने की आवाज सुनकर गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। मलबे के हटाकर अंदर फंसे लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। हादसे में कौशलेंद्र की पुत्रवधु नीलम(32), प्रीती(28) और अनुपम(25) की मौत हो गई।
डीएसपी सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि मकान 15 से 16 साल पुराना था। भारी बारिश के कारण इसका एक पिलर गिर गया था, इससे इसकी छत ढह गई। हादसे में मरने वाली तीनों महिलाओं के शव बरामद कर लिए गए हैं।