Wednesday, April 30, 2025
Homeराष्ट्रीयसियासी सरगर्मी के बीच केंद्र का बड़ा ऐलान, लद्दाख में बनेंगे 5...

सियासी सरगर्मी के बीच केंद्र का बड़ा ऐलान, लद्दाख में बनेंगे 5 नए जिले

कश्मीर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को लेकर बड़ा ऐलान किया है। राज्य में 5 नए जिले बनाने की घोषणा की गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव से पहले केंद्र शासित प्रदेश में पांच नए जिले बनाने की घोषणा की है।
सोशल मीडिया (X) पर एक पोस्ट में अमित शाह ने लिखा है- केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विकसित और समृद्ध लद्दाख बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप पांच नए जिले बनाने का निर्णय लिया है। इन पांच जिलों के नामों की भी घोषणा की गई है, जिनमें जांस्कर, द्रास, शाम, नुब्रा और चांगथांग शामिल हैं। शाह ने कहा कि लद्दाख के हर हिस्से में शासन व्यवस्था को मजबूत कर लोगों को उनके घर तक लाभ पहुंचाया जाएगा। मोदी सरकार लद्दाख के लोगों को बड़े पैमाने पर अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

गृहमंत्री ने कहा कि जिला बड़ा होने के कारण यहां प्रशासनिक कामकाज धीमी गति से हो रहा है और दूरदराज के इलाकों तक प्रशासनिक व्यवस्था जल्दी नहीं पहुंच पाती है। लद्दाख एक पहाड़ी क्षेत्र है, इसलिए दूरदराज के इलाकों तक पहुंचना मुश्किल है और इसमें अधिक समय लगता है। इन्हीं कारणों से पिछले कुछ वर्षों में लद्दाख का विकास सीमित रहा है।
2019 में लद्दाख को जम्मू-कश्मीर से अलग कर नया केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया था। उस समय केंद्र शासित प्रदेश में केवल दो जिले लेह और कारगिल थे। अब लद्दाख में पांच और नए जिले (जांस्कर, द्रास, शाम, नुब्रा और चांगथांग) बनाए गए हैं। इसके साथ ही लद्दाख में कुल 7 जिले बन जाएंगे। 1979 में लद्दाख को कारगिल और लेह जिलों में विभाजित किया गया था।
1989 में बौद्धों और मुसलमानों के बीच दंगे हुए थे, तब 1990 के दशक में लद्दाख को कश्मीरी शासन से मुक्त कराने के लिए लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद का गठन किया गया था। 5 अगस्त 2019 को यह केंद्र शासित प्रदेश बन गया। लद्दाख भारत का सबसे कम आबादी वाला क्षेत्र है।
चीन और पाकिस्तान की सीमा से सटा लद्दाख बेहद रणनीतिक और रक्षा महत्व वाला माना जाता है। लद्दाख पूर्व में तिब्बत, दक्षिण में लाहौल और स्पीति, पश्चिम में जम्मू कश्मीर और बाल्टिस्तान और उत्तर में झिंजियांग के ट्रांस कुनलुन क्षेत्र से घिरा है।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया(X) पर पोस्ट किया है- लद्दाख में पांच नए जिले बनाने से शासन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इससे लोगों तक सेवाएं और अवसर पहुंचाने में मदद मिलेगी।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments