मुंबई। महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी ने बदलापुर कांड को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महाविकास अघाड़ी ने शनिवार को महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया था, पर बाॅम्बे हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी। इसके बाद महाविकास अघाड़ी के दल पुणे में धरने पर बैठ गए। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार मुंह पर काला मास्क लगाए खुद भी धरने पर बैठे हैं। उनके साथ सुप्रिया सुले भी मौजूद हैं।
इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए शरद पवार ने कहा कि हम यहां एक दुखद और चिंताजनक घटना के खिलाफ एकत्र हुए हैं। महाराष्ट्र में कोई भी दिन ऐसा नहीं बीतता जब महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की खबरें न सुनने को मिलें। छत्रपति शिवाजी की भूमि पर ऐसी घटना हुई है जो महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले अपराधियों के हाथ काट देते थे। शरद पवार ने कहा कि बदलापुर के एक स्कूल में केजी में पढ़ने वाली दो बच्चियों के कथित यौन उत्पीड़न की घटना से देश में महाराष्ट्र की छवि खराब हुई है। पवार ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह यह भूल गई है कि महिलाओं की सुरक्षा उसकी जिम्मेदारी है। सरकार को इस घटना को गंभीरता से लेना चाहिए, सरकार कह रही है कि विपक्ष राजनीति कर रहा है, इसे राजनीति कहना दिखाता है कि सरकार कितनी असंवेदनशील है। मामले में सुप्रिया सुले ने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों में पुलिस का कोई डर नहीं है। मैं सरकार की निंदा करती हूं। कुछ लोगों ने कहा कि बदलापुर में जो लोग इकट्ठा हुए थे, वे बाहर से आए थे। मैं कहना चाहती हूं कि वे सभी भारतीय थे। मैंने इतनी असंवेदनशील सरकार कभी नहीं देखी। जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता हम विरोध करना बंद नहीं करेंगे।
इस बीच शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में आज महा विकास अघाड़ी ने बंद बुलाया था। कोर्ट ने ऐसा न करने को कहा है। हम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन हम विरोध प्रदर्शन करेंगे। आज 11 बजे कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना विरोध प्रदर्शन करेंगे। हमारी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हमारी लड़ाई जारी रहेगी।