अहमदाबाद। कांग्रेस द्वारा मोरबी ब्रिज त्रासदी, राजकोट अग्निकांड, तक्षशिला अग्निकांड और हरणी नाव दुर्घटना के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए 9 अगस्त से मोरबी से न्याय यात्रा निकाली गई है। जो गुरुवार, 22 अगस्त को सुबह साणंद चौक, सरखेज पहुंची। न्याय यात्रा यहां से चांदखेड़ा रवाना होगी। 300 किलोमीटर की न्याय यात्रा मोरबी से शुरू होकर गांधीनगर तक जाएगी।
गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि आज 22 अगस्त को दोपहर 3 बजे राजीव गांधी भवन से साबरमती आश्रम तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इस पदयात्रा में लोग भाजपा सरकार में हुए भ्रष्टाचार और सेबी पर हालिया हिंडनबर्ग रिपोर्ट के प्ले-कार्ड से जुड़ेंगे और शाम 5:30 बजे साबरमती आश्रम में आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि कांग्रेस ने सड़क पर और लोगों के बीच जाकर मदद करने की कोशिश की है। भारी बारिश से नुकसान, जलभराव की समस्या जैसे मुद्दों को ध्यान में रखते हुए न्याय यात्रा शुरू की गई। जहां सरकार जनता के सवाल नहीं सुनती, वहीं कांग्रेस की न्याय यात्रा ने सरकार को ऐसे जनसंवाद को अमली जामा पहनाने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि न्याय यात्रा में एक मटका रखा गया है, जिसमें लोगों के सवाल इकट्ठा हुए हैं, कांग्रेस नेता इन सवालों को सरकार तक पहुंचाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमें संतोष है कि जो लोग जनता की आवाज नहीं सुन रहे थे, आज वे कांग्रेस के सवाल उठाने पर जनता से संपर्क कर रहे हैं।