नई दिल्ली। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को लेकर झारखंड में सियासत तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि चंपई सोरेन 6 विधायकों के साथ दिल्ली आ रहे हैं। पूर्व सीएम समेत सभी के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। चंपई सोरेने के साथ दशरथ गगराई, रामदास सोरेन, चमरा लिंडा, लोबिन हेमब्रोम और समीर मोहंती भी हैं। इन विधायकों का झारखंड मुक्ति मोर्चा नेतृत्व से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
चंपई सोरेन कल कोलकाता में थे। उन्हाेंने वहां भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात भी की। रविवार को सुबह चंपई सोरेन कोलकाता से दिल्ली के लिए रवाना हुए। वह आज भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। चंपई सोरेन केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के लगातार संपर्क में हैं।
बता दें, हेमंत सोरेन के जेल से वापस आने के बाद चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही वह नाराज चल रहे हैं। चंपई सोरेन 2 फरवरी 2024 से 3 जुलाई 2024 तक झारखंड के मुख्यमंत्री रहे। झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 काे पूरा हो रहा है। इससे पहले वहां विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।