वडोदरा। पंचमहाल जिले में स्थित पवित्र तीर्थस्थल पावागढ़ में स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति का माहाैल दिखाई दिया। पावागढ़ मंदिर में श्रद्धालुओं ने 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। श्रद्धालुओं ने हाथ में तिरंगा लेकर देशभक्ति गीतों पर मंदिर परिसर में गरबा खेला। शक्तिपीठ महाकाली माता के दर्शन के साथ ही पूरा वातावरण देशभक्तिमय बन गया। श्रद्धालु जय माता दी, भारत माता की जय के जयकारे लगा रहे थे। गुरुवार को सुबह से ही श्रद्धालु हाथ में तिरंगा लेकर मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। मंदिर परिसर को भी खूब सजाया गया था। श्रद्धालु हाथ में तिरंगा लेकर मंदिर की परिक्रमा करते दिखाई दिए। सुबह माताजी की पूजा-अर्चना करने के बाद मंदिर में राष्ट्रगीत भी गाया गया। मंदिर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मंदिर के ट्रस्टी भी हर्षोल्लास के साथ शामिल हुए। मंदिर को तिरंगे और गुब्बारों से सजाया गया था। मंदिर का पुनर्निर्माण होने के बाद यहां श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में विशेष व्यवस्था की गई। बारिश के सीजन में पर्वत पर भी खूब हरियाली छा गई है। यहां का दृश्य मनमोहक हो गया है।