अहमदाबाद/सूरत। अहमदाबाद से मुंबई जा रही डबल डेकर (ट्रेन नं. 12935) के डिब्बे अचानक ट्रेन से अलग हो गए। यह हादसा सूरत के नजदीक गोठण और कुडदस स्टेशन के बीच हुआ। हादसे में कोई जानहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे का टेक्निकल स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंच गया। ट्रेन के डिब्बा अलग होने के बाद यात्री नीचे उतर गए। प्राथमिक जांच में तकनीकी कारणों से डिब्बों के अलग होने की जानकारी सामने आई है। ट्रेन से बोगी अलग होने के बाद रेलवे परिचालन पर असर पड़ा है। अहमदाबाद से मुंबई और मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलने वाली ट्रेनें देरी से चल रही हैं। बोगी को जोड़ने के बाद ट्रेन को रवाना किया जाएगा।