भागलपुर। बिहार के भागलपुर में दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। महिला सिपाही के पति ने मां, पत्नी और बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस लाइन के क्वार्टर्स से महिला सिपाही और उसके परिवार के 4 सदस्यों का शव मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी, एसएसपी, सिटी एसपी, सिटी डीएसपी, डीएसपी पुलिस लाइन में पहुंच गए।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें महिला सिपाही के पति ने हत्या की बात स्वीकार की है। कांस्टेबल नीतू कुमारी, उसके दो बच्चे और नीतू की सास का शव मिल है, जबकि नीतू के पति का शव लटका हुआ था। मृतक महिला सिपाही नीतू कुमारी 2015 के बैच की है। आसपास के पुलिसकर्मियों से पूछताछ में पता चला कि पति-पत्नी के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। घटना से पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। वहीं, डीआईजी ने बताया कि महिला कांस्टेबल के पति ने नाजायज संबंध का आरोप भी लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कांस्टेबल नीतू कुमारी ने पंकज के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों एक मॉल में काम करते थे, इसी बीच नीतू ने कांस्टेबल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी अौर पुलिस की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद पंकज के साथ विवाह किया था।