चंडीगढ। पंजाब में कुराली के बाद खरार के जांदपुर गांव में भी प्रवासियों के लिए सख्त पाबंदियां लगा दी गई हैं। गांव में लगे बोर्ड पर लिखा है कि रात 9 बजे के बाद कोई भी प्रवासी घर से बाहर घूमते हुई दिखाई नहीं देना चाहिए।
गांव की कुल आबादी 2000 है, जिसमें 500 गैर पंजाबी(प्रवासी) हैं। ग्रामीणों का मानना है कि अगर उन्हें यहां रहना है तो इन नियमों का पालन करना होगा। गांव में जगह-जगह बोर्ड लगाए गए हैं और उन पर प्रवासियों के लिए दिशा-निर्देश लिखे गए हैं।
गांव में रहने वाले प्रवासी इस एकतरफा फैसले को मानने को मजबूर हैं। हालांकि, कुछ लोगों ने गांव छोड़ने का फैसला कर लिया है। इस बोर्ड में कहा गया है कि प्रवासियों का पुलिस वेरिफिकेशन जरूरी किया जाएगा। इसके अलावा सिगरेट पीना, गुटखा खाना और पान-मसाला खाने की भी इजाजत नहीं है। इससे वह सड़क पर थूकते और गंदगी फैलाते हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि प्रवासी अर्धनग्न अवस्था में घूमते नजर आते हैं, जिससे महिलाओं को परेशानी होती है। एक अन्य ग्रामीण गुरुमीत सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार से आने वाले लोग गुरुद्वारे के सामने थूकते हैं।