राजकोट। शनिवार को राजकोट में तिरंगा यात्रा निकाली गई। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रदेश भाजपाध्यक्ष सीआर पाटिल, मंत्री राघवजी पटेलम, भानुबेन बाबरिया, कुंवरजी बावलिया, हर्ष संघवी, राजकोट की मेयर नयनाबेन पेढरिया, विधायक उदय कनगड, रमेशभाई टीलाणा, डॉ. दर्शिता शाह समेत महानुभाव मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा बहुमाली भवन चौक पर सरदार पटेमल की प्रतिमा के पास से निकलकर ज्युबिली चौक में गांधीजी की प्रतिमा के पास समाप्त हुई।
इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि गुजरात आकर गर्व महसूस कर रहा हूं। गुजरात की धरती को मेरा वंदन। आज राजकोट में जहां देखो, वहां तिरंगा ही दिखाई दे रहा है। उन्होंने आगे कहा कि स्वतंत्र भारत के निर्माण में गुजरात का बड़ा योगदान है। गुजरात संतों और वीरों की भूमि है। महात्मा गांधी और सरदार पटेल के याेगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृतकाल में देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने का स्वप्न देखा है, जिसे साकार करने का प्रण लिया है।