नई दिल्ली। बांग्लादेश की राजनीतिक हालात से पूरी दुनिया वाकिफ है। कैसे प्रधानमंत्री शेख हसीना को देश छोड़कर भारत भागना पड़ा। इस घटना पर कांग्रेस के दिग्गज नेता सलमान खुर्शीद ने अहम टिप्पणी की है। उन्होंने चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि बांग्लादेश में जैसे हालात हैं और जिस तरह की घटनाएं वहां हो रही हैं, वैसी भारत में भी हो सकती हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने यह टिप्पणी शिक्षाविद् मुजीबुर रहमान की किताब ‘शिकवा ए हिंद: द पॉलिटिकल फ्यूचर ऑफ इंडियन मुस्लिम्स’ के लॉन्च के मौके पर की है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में सब कुछ सामान्य दिख सकता है, यहां हर जगह सब कुछ एक जैसा ही देखा जा सकता है। हम जीत का जश्न मनाएंगे। हालांकि, कुछ लोगों का मानना है कि 2024 की जीत या सफलता सामान्य रही होगी, पर अभी भी कुछ करने की जरूरत है। पूर्व विदेश मंत्री ने कहा कि बांग्लादेश में जो घटनाएं हो रही हैं, अगर भारत में हों तो कोई आश्चर्य नहीं होगा।
सलमान खुर्शीद के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि यह दिखाता है कि कांग्रेस पार्टी की किस प्रकार की सोच है। आज मुझे याद आता है जब राहुल गांधी संसद में खड़े होकर कहते थे कि इस देश में आग लगेगी, दंगे होंगे, प्रधानमंत्री पर हमला होगा… विदेश यात्रा में भी राहुल गांधी चोरी-छिपे कई लोगों से मिलते थे… आज मालूम पड़ रहा है कि आखिर उनकी मंशा क्या थी… ये बहुत ही गंभीर विषय है। जब भारत में चारों तरफ इस तरह की परिस्थिति देखने को मिल रही है। कांग्रेस पार्टी जो देश का मुख्य विपक्ष है, क्या यही चाहती है? वे चुनाव में जीत नहीं पा रहे हैं जिस कारण अपनी खीज इस प्रकार की अराजकता को फैलाकर निकाल रहे हैं।