सूरत। आम आदमी पार्टी के पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने शहर में सड़कों की जर्जर हालत का अनोखे तरीके से विरोध किया। आप कार्यकर्ताओं ने सड़क पर केक काटकर सत्तापक्ष के कामकाज का विरोध किया। पुलिस ने नगर निगम की प्रतिपक्ष नेता पायल साकरिया समेत आप पार्षदों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बारिश के सीजन में शहरभर की सड़कें बदहाल हो गई हैं। सड़कों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानियां हो रही हैं। नगर निगम हर साल करोड़ों रुपए सड़कों के निर्माण और मरम्मत पर खर्च कर ही है, पर बारिश शुरू होते ही सब पानी में बह जाता है।
प्रतिपक्ष नेता पायल साकरिया ने बताया कि आज केक काटकर सड़कों पर गड्ढे का जन्मदिन मनाया। सत्तापक्ष भाजपा को टेंडर निकालकर काम सौंपने में रुचि है। काम अच्छे तरीके से हो रहा है या नहीं, इसकी जांच करने वाला कोई नहीं है।