रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में भारी बारिश से तबाही मची हुई है। केदारनाथ क्षेत्र में बादल फटने से मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। एसडीआरएफ के जवानों को तैनात किया गया है। केदारनाथ और यमुनोत्री के पैदल मार्ग पर बारिश के कारण यात्रा रोक दी गई है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने आपातकालीन नियंत्रण कक्ष से बारिश की समीक्षा की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि केदारनाथ में श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।
पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने बताया कि केदारनाथ और यमुनोत्री यात्रा मार्गों पर भारी बारिश के कारण यात्रा रोक दी गई है। यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। देहरादूर में भारी बारिश के कारण 1 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
जानकारी के अनुसार भारी बारिश से तप्तकुंड और केदारनाथ पैदल मार्ग का 25 मीटर हिस्सा पानी में बह गया। सुरक्षा को देखते हुए 200 यात्रियों को भीमबली जीएमवीएन में रोका गया है। मौके पर बचाव दल को तैनात किया किया गया है। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे अधिकांश जगहों पर भूस्खलन व भू-धंसाव होने से अति संवेदनशील हो गया है। यहां पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिर रहा है।