वॉशिंगटन। पाकिस्तान पूरी दुनिया में आतंकवाद के लिए बदनाम है। पाकिस्तान को एक बार फिर से तगड़ा झटका लगा है। फोर्ब्स एडवाइजरी की सूची में पाकिस्तान का कराची शहर पर्यटन के लिहाज से दुनिया का दूसरा सबसे खतरनाक शहर है। इसे रेटिंग में 100 में से 93.12 अंक दिए गए हैं। इस लिस्ट में 100 फीसदी स्कोर के साथ वेनेजुएला का कराकस शहर पहले नंबर पर, जबकि 91.67 स्कोर के साथ म्यांमार का यांगून शहर तीसरे स्थान पर है। बांग्लादेश की राजधानी ढाका भी खतरनाक शहरों की लिस्ट में शामिल है। रिपोर्ट के अनुसार इन शहरों में पर्यटकों को सबसे ज्यादा खतरा है। यहां अपराध, हिंसा, आतंकी खतरे, प्राकृतिक आपदाएं और आर्थिक समस्याओं का डर अधिक है।
अमेरिकी गृह मंत्रालय ने सुरक्षा की दृष्टि से पर्यटन के लिए खतरनाक शहरों की सूची जारी की है। जिसमें कराची की हालत सबसे खराब बताई गई थी। फोर्ब्स एडवाइजरी की रिपोर्ट में 60 मानदंडों के आधार पर दुनिया के 60 शहरों की रैंकिंग जारी की गई है। कराची शहर कई बार सबसे खतरनाक शहरों की सूची में आ चुका है।
2017 की सूची में कराची को दुनिया के सबसे कम सुरक्षित शहरों में शामिल किया गया था। इकोनॉमिस्ट ग्रुप की रैंकिंग के अनुसार कराची रहने लायक शहर नहीं है। बता दें, कराची पाकिस्तान का सबसे बड़ा शहर है। हाल ही में कराची में दो गुटों के बीच हुई झड़प के दौरान फायरिंग में पांच लोगों की मौत हो गई थी। कराची में अक्सर आतंकी घटनाएं होती रहती हैं। घनी आबादी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण यह शहर रहने लायक नहीं रह गया है।
फोर्ब्स एडवाइजरी के अनुसार दुनिया के सबसे सुरक्षित शहरों की सूची भी जारी की गई है। इनमें सिंगापुर पहले स्थान पर है। इसके बाद जापान का टोक्यो शहर है। कनाडा के टोरंटो को तीसरे सबसे सुरक्षित शहर का दर्जा दिया गया है। चौथी रैंक में ऑस्ट्रेलिया का सिडनी शामिल किया गया है और पांचवे स्थान पर स्विट्जरलैंड का ज्यूरिख शहर है।
सबसे खतरनाक शहर | सबसे सुरक्षित शहर |
वेनेजुएला का कराकस | सिंगापुर |
पाकिस्तान का कराची | जापान का टोक्यो |
म्यांमार का यांगून | कनाडा का टोरंटो |
नाइजीरिया का लागोस | ऑस्ट्रेलिया का सिडनी |
फिलीपींस का मनीला | स्विट्जरलैंड का ज्यूरिख |
बांग्लादेश का ढाका | डेनमार्क का कोपेनहेगन |
कोलंबिया का बोगोटा | दक्षिण कोरिया का सियोल |
मिस्र का काहिरा | जापान का ओसाका |
मैक्सिको सिटी | ऑस्ट्रेलिया का मेलबर्न |
इक्वाडोर | नीदरलैंड का एम्स्टर्डम |