सूरत। सूरत में लगातार दूसरे दिन मूसलाधार बारिश के कारण शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया है। इसके अलावा रेलवे लाइन के नीचे वाहनों के आवागमन के लिए जो पुलिया(गरनाला) बनाई गई हैं, उन पुलियों में पानी भरने के कारण उन्हें यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। पानी के बावजूद कुछ वाहन चालकों ने वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन उनके वाहन बंद होते ही पानी में फंस गए।
भारी बारिश के कारण सूरत शहर और वराछा क्षेत्र को जोड़ने वाली सूर्यपुर गरनाला में पानी भर गया। यह वराछा वालों के लिए शहर में प्रवेश करने और वराछा जाने का मुख्य मार्ग है। गरनाले में पानी भरने से पीकअवर्स में ट्रैफिक जाम हाे गया। इसी तरह डुंभाल और लिंबायत में भी रेलवे गरनाले में पानी भरने के कारण वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया। इसके बंद होने के कारण सड़क पर यातायात की भारी समस्या उत्पन्न हो गई।
पिछले 24 घंटों के दौरान सूरत शहर में 7 और ग्रामीण में 6 इंच बारिश हुई है। इसके अलावा नवसारी में 5, वलसाड में 8, डांग में 1, भरूच में 4 इंच बारिश हुई है। सोमवार को सुबह से ही भारी बारिश हो रही है।
उधर, भेदवाड़ खाड़ी(नाला) का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। इसके अलावा काकरा खाडी, मीठी खाड़ी, भाठेना खाड़ी, सीमाडा खाड़ी में भी पानी का बहाव तेज हो गया है। सोमवार को सुबह भेदवाड़ खाड़ी का जलस्तर खतरे के निशान 6.75 मीटर के करीब पहुंच गया। तापी नदी में पानी का बहाव तेज होने से वियर कम कोजवे भी ओवरफ्लो हो गया है। कोजवे का जलस्तर 6.25 मीटर पर पहुंच गया है।
खाड़ी का नाम | मौजूदा जलस्तर | खतरे का निशान |
काकरा खाड़ी | 6.10 मीटर | 8.48 मीटर |
भेदवाड़ खाड़ी | 6.65 मीटर | 6.75 मीटर |
मीठी खाड़ी | 8.10 मीटर | 9.35 मीटर |
भाठेना खाड़ी | 6.20 मीटर | 8.28 मीटर |
सीमाडा खाड़ी | 3.90 मीटर | 4.5 मीटर |