वडोदरा। वडोदरा शहर के बीचोबीच से होकर बहने वाली विश्वामित्री नदी में मगरमच्छ के हमले का वीडियो सामने आया है। सोमवार को सुबह-सुबह मगरमच्छ ने नदी के किनारे खड़े एक कुत्ते को अपना शिकार बनाया।
वडोदरा से होकर बहने वाली विश्वामित्री नदी में वर्षों से मगरमच्छ रहते हैं। वडोदरा के प्रतापगंज गणेशनगर झुग्गी बस्ती के पास से गुजरने वाली विश्वामित्री नदी में मगरमच्छ के हमले का वीडियो सामने आया है। एक विशालकाय मगरमच्छ ने नदी किनारे एक कुत्ते का शिकार किया। एक स्थानीय युवक ने कुत्ते का शिकार करने का यह दृष्य अपने मोबाइल में कैद कर लिया। महत्वपूर्ण बात यह है कि विश्वामित्री नदी मगरमच्छों की शरणस्थली है। मौजूदा समय में वडोदरा ने स्मार्ट सिटी की आड़ में विश्वामित्री को सीवर में बदल दिया है। इससे नदी में रहने वाले 300 से ज्यादा मगरमच्छ, तीन प्रजातियों के कछुए और पक्षियों को काफी नुकसान हो रहा है।