देहरादून। केदारनाथ में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। गौरीकुंड-केदारनाथ मार्ग पर पहाडों से अचानक बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे। इनकी चपेट में आने से तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसे बारिश के कारण लैंड स्लाइड की घटना बताया जा रहा है।
घटना रविवार की सुबह करीबन साढ़े सात बजे की बतायी जाती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। मौके पर राहत एवं बचाव काम जारी है। मृतकों की पहचान किशोर अरूण पराटे(नागपुर, महाराष्ट्र), सुनील महादेव काले(जालना, महाराष्ट्र)और अनुराग बिष्ट(रुद्रप्रयाग) के रुप में की गई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि पहाड़ से मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरे हैं, इससे कई तीर्थयात्री मलबे में फंस गए हैं।