सूरत। कपड़ा राज्यमंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने सरसाणा के इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सीटेक्स-2024(सूरत इंटरनेशनल टेक्सटाइल एक्सपो) का उद्घाटन किया। यह एग्जीबिशन 20,21 और 22 जुलाई तक चलेगा। कार्यक्रम में कपड़ा मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एसपी वर्मा भी मौजूद रहे। कपड़ा राज्यमंत्री ने एग्जीबिशन का उद्घाटन करने के बाद व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कपड़ा उद्योग के विकास के लिए चैम्बर द्वारा जो प्रस्ताव रखे गए हैं, उसे हल करने की कोशिश की जाएगी। रोटी, कपड़ा और मकान मनुष्य के जीवन की तीन महत्वपूर्ण जरूरते हैं। मौजूदा समय में वैश्विक मार्केट में भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री का योगदान मात्र 4 प्रतिशत है। इसे आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। भारत को आत्मनिर्भर बनाने में टेक्सटाइल उद्योग महत्वपूर्ण है।
टेक्सटाइल उद्योग में लीवरेज एडवांस टेक्नोलॉजी, स्ट्रेटेजी टेक्निकल सोर्सेस, क्वॉलिटी इऔर डिजाइन महत्वपूर्ण है। सप्लाई चेन, पीएलआई, नेशनल टेक्निकल टेक्सटाइल मशीन में स्कीलिंग गैप को पूरा करने की कोशिश की जा रही है। सूरत टेक्समेक फेडरेशन के उपाध्यक्ष प्रणव मेहता ने भी व्यापारियों को संबोधित किया। चैंबर के उपाध्यक्ष निखिल मद्रासी ने आभार प्रकट किया।