नई दिल्ली। तिहाड़ जेल प्रशासन ने एक रिपोर्ट जारी करके बताया कि अरविंद केजरीवाल का वजन कम हुआ है। जेल प्रशासन ने इसके लिए केजरीवाल को ही जिम्मेदार ठहराया है। जेल प्रशासन ने आम आदमी पार्टी के 8 किलो वजन कम होने के दावे को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने खाना-पीना छोड़ दिया है, इसलिए दो किलो वजन कम हुआ है। केजरीवाल घर से आए खाने को भी लौटा देते हैं। जेल प्रशासन ने आशंका जताते हुए कहा कि शायद वह जानबूझकर ऐसा कर रहे हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि 1 अप्रैल तो जब गिरफ्तार होकर जेल आए थे, तब उनका वजन 65 किलो था। इसके बाद उनका वजन 66 किलो हो गया था। वह जब अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर निकले थे तो उनका वजन 64 किलो था। केजरीवाल 21 दिनों तक जेल से बाहर रहे। वह 2 जून को वापस जेल गए, तब उनका वजन 63.5 किलोग्राम था। 14 जुलाई को उनका वजन 61.5 किलोग्राम है। इस प्रकार केजरीवाल का वजन केवल 2 किलो कम हुआ है।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि तिहाड़ जेल ने मान लिया है कि केजरीवाल का वजन कम हुआ है। सांसद ने आशंका जताई है कि शुगर लेवल कम होने पर नींद में वह कोमा में जा सकते हैं। शुगर लेवल कम होने पर ब्रेन स्ट्रोक का खतरा है। आम आदमी पार्टी केजरीवाल के स्वास्थ्य को लेकर लगातार सवाल उठाती रही है। रविवार को दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा केजरीवाल को जेल में मारने की साजिश रच रही है। उन्होंने केजरीवाल के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी।