पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना में जेपी गंगा पथ के विस्तान का उद्घाटन कर रहे थे। मुख्यमंत्री अधिकारियों को जल्द काम पूरा करने की सलाह दे रहे थे। इसी बीच अचानक मुख्यमंत्री ने कहा- अगर आप कहें तो हम हाथ जोड़ लेते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अधिकारी का पैर छूने के लिए झुकने लगे। अधिकारी ने उन्हें तुरंत रोक दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। उधर, तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज करते हुए सोशल मीडिया(X) पर पोस्ट किया है- पूरे विश्व में इतना असहास, अशक्त, अमान्य, अक्षम, विवश, बेबस, लाचार और मजबूर कोई ही मुख्यमंत्री होगा जो बीडीओ, एसडीओ और थानेदार से लेकर वरीय अधिकारियों और यहां तक कि संवेदक के निजी कर्मचारी के सामने बात-बात पर हाथ जोड़ने और पैर पड़ने की बात करता है। बिहार में बढ़ते अपराध, बेलगाम भ्रष्टाचार, पलायन एवं प्रशासनिक अराजकता का मुख्य कारण यह है कि एक कर्मचारी तक (अधिकारी तो छोड़िए) मुख्यमंत्री की नहीं सुनता? क्यों नहीं सुनता और क्यों नहीं आदेशों का पालन करता, यह विचारनीय विषय है? हालांकि इसमें कर्मचारी व अधिकारियों का अधिक दोष भी नहीं है।
एक कमजोर बेबस मुख्यमंत्री के कारण बिहार में होना वही है जो “चंद” सेवारत और “सेवानिवृत्त” अधिकारियों ने ठाना है, क्योंकि अधिकारी भी जानते हैं कि ये 43 सीट वाली तीसरे नंबर की पार्टी के मुख्यमंत्री है।
जब शासन में इकबाल खत्म हो जाए और शासक में आत्मविश्वास ना रहे तब उसे सिद्धांत,जमीर और विचार किनारे रख ऊपर से लेकर नीचे तक बात-बात पर ऐसे ही पैर पड़ना पड़ता है। बहरहाल हमें कुर्सी की नहीं बल्कि बिहार और 14 करोड़ बिहारवासियों के वर्तमान और भविष्य की चिंता है।
बता दें, बिहार में अगले साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनाव से पहले परियोजनाओं को पूरा करने की कोशिश करते हैं। जेपी गंगा पथ को लेकर वह पहले भी अधिकारियों को ताकीद कर चुके हैं।