Monday, March 17, 2025
Homeराष्ट्रीयकांग्रेस गुजरात में जीतेगी और गुजरात से ही नई कांग्रेस पार्टी बनेगी...

कांग्रेस गुजरात में जीतेगी और गुजरात से ही नई कांग्रेस पार्टी बनेगी : राहुल गांधी

अहमदाबाद। गुजरात दौरे पर आए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अहमदाबाद कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर कड़े प्रहार किए।
राहुल गांधी ने गुजरात में कांग्रेस ऑफिस पर हुए हमले को लेकर कहा कि जिस तरह भाजपा के लोगों ने हमारे दफ्तर तोड़े, हम भी उनकी सरकार तोड़ देंगे। राहुल गांधी ने कहा कि हम भाजपा को नफरत से नहीं प्यार से हराएंगे। राहुल गांधी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि आपका बुलबुला फूट गया है। हमने 2017 में भी दमखम से चुनाव लड़ा था और लड़ते रहेंगे। प्रियंका गांधी और तमाम कांग्रेसी दिग्गज कांग्रेस के हर कार्यकर्ता के साथ हैं। गुजरात से भाजपा को उखाड़ फेंकने की तैयारी हो चुकी है।
राहुल गांधी ने अहमदाबाद के पालडी में स्थित कांग्रेस कार्यालय में बोलते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाया। उन्होंने एक बार फिर गुजरात में भाजपा को हराने पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बब्बर शेर हैं और वे इस बार गुजरात में भाजपा को जरूर हराएंगे।
राहुल गांधी ने राम मंदिर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राम मंदिर के उद्घाटन के वक्त कोई गरीब नजर नहीं आया। सिर्फ अमीरों और मशहूर हस्तियों की लंबी कतारें ही नजर आ रही थीं। राम मंदिर बनाने के लिए लोगों के घर गिराए गए। राहुल गांधी ने कहा कि अयोध्या में किसानों की जमीनें लेकर एयरपोर्ट बनाया गया, पर उन्हें आज तक उसका मुआवजा नहीं दिया गया। अयोध्या में भाजपा की नीति फेल हो गई और इसी कारण भाजपा की अयोध्या में हार हुई। भाजपा की लाख कोशिशों के बावजूद I.N.D.I.A. गठबंधन की अयोध्या में जीत हुई है। राहुल ने मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी गुजरात में जीतेगी और गुजरात से ही नई कांग्रेस पार्टी बनेगी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस ऑफिस में तोड़फोड़ की, पर हम डरने वाले नहीं हैं, डराने वाले नहीं हैं। अगर गुजरात के लोग बिना डरे लड़ेंगे तो हम जीतेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी से डरते नहीं हैं। छोटे से छोटा कार्यकर्ता भी हमारी भूल बता सकता है। हम कार्यकर्ताओं की बातों को सुनने से डरते नहीं हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं में दम नहीं है, वे डरते हैं। राहुल गांधी ने अपना संबोधन खत्म करने से पहले गुजरात के लोगों को रथयात्रा की शुभकामनाएं दी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments