हाथरस। सूरज पाल उर्फ भोले बाबा उर्फ नारायण साकार विश्व हरि हाथरस हादसे के बाद पहली बार मीडिया के सामने आया। बाबा ने अपने बयान में कहा कि दो जुलाई की घटना से बहुत दुखी हूं। सूरज पाल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कुछ देर चुप रहता है। इसके बाद कहता है- भगवान हमें दुख सहने की शक्ति दें। कृपया सरकार और प्रशासन पर भरोसा रखें। मुझे विश्वास है कि जिसने भी अराजकता फैलाई है, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
मैने अपने वकील एपी सिंह के माध्यम से समिति के सदस्यों से अनुरोध किया है कि वे पीड़ितों और घायलों के परिवारों के साथ खड़े रहें और जीवन भर उनकी मदद करें। वीडियो में सूरज पाल ने भगदड़ को बहुत बड़ी साजिश बताया है।
हाथरस हादसे के मुख्य आरोपी सेवादार देव प्रकाश मधुकर को पुलिस ने शुक्रवार को देर रात दिल्ली के एक अस्पताल से गिरफ्तार किया। अलीगढ़ के आईजी शलभ माथुर ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि देव प्रकाश को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, सूरज पाल के वकील एपी सिंह ने दावा किया है कि देव प्रकाश दिल्ली में पुलिस के सामने सरेंडर किया है। बता दें, 2 जुलाई को हाथरस में सत्संग के दौरान हुई भगदड़ में 121 लोगों की मौत हो गई थी।