Monday, March 17, 2025
Homeअहमदाबादगुजरात का शैक्षणिक कैलेंडर जारी: पहली बार समय से 15 दिन पहले...

गुजरात का शैक्षणिक कैलेंडर जारी: पहली बार समय से 15 दिन पहले होंगी बोर्ड की परीक्षाएं

अहमदाबाद। गुजरात में नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया है। स्कूल खुले भी धीरे-धीरे एक माह होने वाला है। शिक्षा बोर्ड ने आज 2024-25 के लिए शैक्षणिक कैलेंडर और परीक्षा की तिथियों की घोषणा की है। नए कैलेंडर के अनुसार इस साल बोर्ड की परीक्षाएं समय से पहले ली जाएंगी। 10वीं, 12वीं बोर्ड की परीक्षा 15 दिन पहले यानी 27 फरवरी से शुरू हो जाएंगी और 13 दिन पहले यानी 13 मार्च काे खत्म हो जाएंगी। 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं 7 अप्रैल से ली जाएंगी। गुजरात शिक्षा बोर्ड द्वारा शुक्रवार को घोषित शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार कक्षा 9 से 12 की तिमाही परीक्षा 14 अक्टूबर से शुरू होगी और 23 अक्टूबर तक जारी रहेगी। छमाही परीक्षा 20 जनवरी से शुरू होगी और 28 जनवरी तक चलेगी। 30 जनवरी को कक्षा 9 के छात्रों के लिए एप्टीट्यूड टेस्ट आयोजित किया जाएगा।
10वीं, 12वीें बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं 31 जनवरी से 4 फरवरी तक चलेगी। 12वीं साइंस में बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं 6 फरवरी से शुरू होकर 14 फरवरी तक चलेगी। 10वीं, 12वीं की बोर्ड की परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होंगी। पिछले साल बोर्ड की परीक्षा 11 मार्च से शुरू हुई थी। हर साल मार्च के पहले सप्ताह में बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होती थी, इस बार इसमें बदलाव किया गया है। पहली बार फरवरी में बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होने जा रही है।
कैलेंडर के अनुसार पहला सत्र 13 जून से 27 अक्टूबर तक चलेगा। दिवाली वैकेशन 28 अक्टूबर से शुरू होगा। इस साल 17 नवंबर तक 21 दिनों का दिवाली वैकेशन रहेगा। दूसरा सत्र 18 नवंबर से 4 मई तक चलेगा। स्कूलों में गर्मी की छुट्‌टियां 5 मई से 8 जून तक रहेंगी। 9 जून 2025 से फिर स्कूल चालू हो जाएंगे।
कैलेंडर के अनुसार प्रथम और द्वितीय सत्र को मिलाकर कुल 243 दिन स्कूलों में पढ़ाई होगी। पहले सत्र में जून में 14, जुलाई में 26, अगस्त में 24, सितंबर में 23 और अक्टूबर में 21 समेत 108 दिन पढ़ाई होगी। दूसरे सत्र में नवंबर में 12 दिन, दिसंबर में 25 दिन, जनवरी में 26 दिन, फरवरी में 23 दिन, मार्च में 24 दिन, अप्रैल में 22 दिन और मई में 3 दिन स्कूल खुले रहेंगे। बोर्ड के नियमानुसार स्कूल अपने अनुसार 6 अवकाश ले सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments