हाथरस। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के हाथरस में पीड़ितों से मुलाकात की। मृतकों के परिजनों से मुलाकात करके उन्हें सांत्वना दी। हाथरस में सत्संग के दौरान हुई भगदड़ में 121 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद हाथरस में विपक्ष के किसी वरिष्ठ नेता का यह पहला दौरा है। पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि यह दुखद हादसा है। बहुत परिवारों को नुकसान हुआ है। काफी लोगों की मृत्यु हुई है। इसमें प्रशासन की कमी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ढोंगी बाबा को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। राहुल गांधी दिल्ली से सड़क मार्ग से होते हुए शुक्रवार को सुबह अलीगढ़ के पिलखना पहुंचे। यहां हादसे में जान गंवाने वाले परिवारों से मिले। इसके बाद हाथरस के नवीपुर खुर्द समेत गांवों में गए।
हाथरस भगदड़ मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भोले बाबा के कई सेवादारों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आयोजक और सेवादार अभी तक फरार है। उस पर एक लाख रुपए के इनाम की घोषणा की गई है। वहीं, कथावाचक भोले बाबा भी हादसे के बाद से फरार हैं।