बोटाद। बोटाद जिले के सारंगपुर में भाजपा कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल समेत भारतीय जनता पार्टी के नेता बैठक में मौजूद हैं। कार्यकारिणी की बैठक में नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने की कोशिश की जाएगी। इसके साथ ही नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति होने की भी संभावना है। 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों पर भी चर्चा की जाएगी।
बैठक में मौजूद प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा- मैंने हाईकमांड के समक्ष अपनी बात रख दी है कि हमें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी से मुक्त किया जाए। इसके साथ ही प्रदेश के पदाधिकारियों से नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति करने की नम्र अपील है। सभी को साथ लेकर चलने वाले नेता को ही प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। पार्टी के नियमानुसार एक व्यक्ति, एक पद होना चाहिए।
कार्यकारिणी की बैठक में दोपहर बाद लोकसभा चुनाव के नतीजों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा भी हो सकती है। आगामी दिनों में होने वाले ग्राम पंचायत चुनावों पर भी चर्चा होगी। कार्यकारिणी की बैठक शाम को 4:00 बजे तक चलेगी।
कार्यकारिणी की बैठक में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल, राज्य संगठन मंत्री रत्नाकरजी, मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, सांसद, विधायक, शहर-देहात अध्यक्ष समेत कार्यकर्ता बैठक में मौजूद हैं।