नैरोबी। केन्या की संसद में प्रस्तावित कर वृद्धि का भारी विरोध हो रहा है। मंगलवार को विरोधियों ने संसद को घेर लिया और प्रदर्शनकारियों ने ससंद में आग लगा दी। अंदर फंसे सांसदों को फायर ब्रिगेड और सुरक्षा एजेंसियों की मदद से बाहर निकाला गया। केन्या की जनता वित्त विधेयक 2024 के विरोध में पिछले एक सप्ताह से विरोध प्रदर्शन कर रही है। रैलियां निकाली जा रही हैं। विरोध के कारण पूरे देश में अशांति फैली हुई है। उधर, भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों को बल प्रयोग करना पड़ रहा है। हालात बेकाबू होने पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदर्शनकारियों में शामिल अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की बहन भी आंसू गैस के गोले की चपेट में आ गई।
केन्या के मानवाधिकार आयोग ने मंगलवार को विरोध पर हुए गोलीबारी का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि इन अधिकारियों को इसके लिए जिम्मेदार माना जाएगा। मानवाधिकार आयोग ने राष्ट्रपति विलियम रूटो के खिलाफ सोशल मीडिया(X) पर पोस्ट करते हुए लिखा है- दुनिया देख रही है कि आप अत्याचार की ओर बढ़ रहे हैं, आपकी सरकार में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
उधर, भारत ने अपने नागरिकों को सावधान रहने की सलाह दी है। भारतीय उच्चायोग ने कहा कि मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए, केन्या में सभी भारतीयों को अत्यधिक सावधानी बरतने, अनावश्यक आवाजाही से बचने और हालात सामान्य होने तक विरोध-प्रदर्शनों और हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी जाती है। केन्या में 20 हजार से अधिक भारतीय रहते हैं।
केन्या में टैक्स बढ़ाने पर गुस्साई जनता ने संसद में आग लगा दी गई
RELATED ARTICLES