Tuesday, March 18, 2025
Homeराष्ट्रीयलोकसभा का सत्र शुरू, पीएम मोदी ने तीसरी बार सांसद के रूप...

लोकसभा का सत्र शुरू, पीएम मोदी ने तीसरी बार सांसद के रूप में शपथ ली

नई दिल्ली। आज 18वीं लाेकसभा का पहला सत्र शुरू हो गया। प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब ने सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी को सांसद के रूप में शपथ दिलाई। इसके बाद राधा मोहन सिंह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्‌टर, एच डी कुमार, पीयूष गोयल, जीतन राम मांझी, धर्मेन्द्र प्रधान समेत मंत्रियों ने सांसद के रूप में शपथ ली। दूसरे मंत्रियों और नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाई जा रही है। संसद का सत्र 24 जून से 3 जुलाई तक चलेगा। नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाने के बाद लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव भी होगा।

संसद सत्र से पहले पीएम मोदी ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी। पीएम ने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में आज का दिन गौरवमय है। 18वीं लोकसभा नए संकल्पों के साथ काम करेगी। पीएम मोदी ने कहा कि अगर हमारे देश के नागरिकों ने लगातार तीसरी पर किसी सरकार पर भरोसा किया है तो इसका मतलब यह है कि उन्होंने सरकार की नीतियों और नीयत पर मुहर लगाई है। मैं आप सभी के समर्थन और भरोसे के लिए आभारी हूं। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार चलाने के लिए बहुमत जूरूरी है, लेकिन देश चलाने के लिए आम सहमति जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कल 25 जून है। 25 जून को भारत के लोकतंत्र पर लगे आपातकाल के कलंक के 50 साल पूरे हो रहे हैं। इसे देश कभी नहीं भूलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि संसद का ये गठन भारत के सामान्य मानवी के संकल्पों की पूर्ति का है। नए उमंग, नए उत्साह के साथ नई गति, नई उंचाइयां प्राप्त करने का अवसर है। 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य लेकर आज 18वीं लोकसभा का प्रारंभ हो रहा है।

उधर, संसद सत्र के पहले दिन INDIA गठबंधन के सांसदों ने संविधान की प्रति के साथ संसद के बाहर मार्च निकाला। इसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद रहे। इसके बाद सभी सांसद संविधान की प्रति लेकर सदन में पहुंचे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमने संविधान बचाने के लिए जो प्रयास किया, उसमें जनता हमारे साथ है, लेकिन मोदीजी ने संविधान को नष्ट करने की कोशिश की। इसीलिए हम आज यहां विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। गांधी की प्रतिमा यहीं थी और हम यहीं विरोध कर रहे हैं। हर लोकतांत्रिक नियम को तोड़ा जा रहा है। इसलिए आज हम मोदी जी से कह रहे हैं कि संविधान का पालन करें।

नवसारी संसदीय क्षेत्र के नवनिर्वाचित सदस्य, गुजरात के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने सांसद के रूप में शपथ ली। इस दौरान सांसद पाटिल ने सोशल मीडिया(X) पर पोस्ट करते हुए लिखा- आज 18वीं लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करते हुए गर्व की अनुभूति हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम सभी मिलकर एक मजबूत, विकसित और आत्मर्निरार भारत का सपना साकार करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments