नई दिल्ली। हरियाणा की कांग्रेस विधायक किरण चौधरी और उनकी बेटी पूर्व सांसद श्रुति चौधरी बुधवार को भाजपा में शामिल हो गई। एक दिन पहले ही उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। बुधवार को सुबह 10:00 बजे भाजपा मुख्यालय में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री-केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की मौजूदगी में किरण चौधरी भाजपा में शामिल हुई। पिछले कुछ दिनों से किरण चौधरी को लेकर अफवाहें फैली हुई थी, लेकिन अब स्थिति एकदम साफ हो गई है। किरण चौधरी ने 18 जून को ही कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे को भेज दिया है। बताया जा रहा है कि किरण चौधरी बेटी श्रुति को भिवानी से लोकसभा का टिकट न मिलने से नाराज थी। उधर, किरण चौधरी के इस्तीफा देने पर हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष उदय भान ने कहा कि इसका कांग्रेस पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने पार्टी इसलिए छोड़ी क्योंकि उनकी बेटी को टिकट नहीं दिया गया, इसका विचारधारा से कोई लेना-देना नहीं है।
बता दें, किरण चौधरी ने अपने ससुर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल और पति चौधरी सुरेन्द्र सिंह की मौत के बाद उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया था। किरण चौधरी तोशाम से चार बार विधायक रह चुकी हैं।