नई दिल्ली। देशभर में आज बकरीद का त्योहार मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बकरीद की शुभकामनाएं दी हैं। बकरीद पर मस्जिदों में खास रौनक दिखाई दे रही है। दिल्ली के चांदनी चौक में स्थित जामा मस्जिद में बकरीद की नमाज अदा की गई। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। सोमवार को सुबह से ही लोग मस्जिद में आने लगे थे। फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम डॉ. मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने ईद-उल-अजहा की बधाई दी और खास अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी करते समय इस बात का ध्यान रखें कि उससे किसी को परेशानी न हो। सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही जानवरों की कुर्बानी दें। दिल्ली के साथ-साथ देशभर में ईद-उल-अजहा का त्योहार धूमधा से मनाया जाता है।
इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार रमजान खत्म होने के 70 दिन बाद यह त्योहार मनाया जाता है। ईद-उल-अजहा हजरत इब्राहिम की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है। इस दिन जानवरों की कुर्बानी दी जाती है। इसके बाद इसका तीन हिस्सा किया जाता है। पहला हिस्सा गरीबों, दूसरा दोस्त-रिश्तेदारों और तीसरा हिस्सा अपने घर के लिए होता है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट करके मुस्लिम भाईयों को बकरीद की बधाई दी है। गडकरी ने लिखा है- यह त्योहार आप सभी के जीवन में खुशियां लेकर आए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद-उल-अजहा पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। सीएम योगी ने कहा कि बकरीद का त्योहार सभी को मिलजुल कर रहने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है।