नई दिल्ली। दिल्ली में जलसंकट को लेकर सियासत तेज हो गई है। एक साथ लोकसभा चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने दिल्ली के कृष्ण नगर इलाके में शनिवार को आम आदमी पार्टी के खिलाफ मटका फोड़कर विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस का कहना है कि दिल्ली में पानी के नाम पर जनता को धोखा दिया जा रहा है। इससे गरीबों को ज्यादा परेशानी हो रही है। शनिवार को कांग्रेस ने मटका फोड़कर दिल्ली सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
दिल्ली में गर्मी के साथ-साथ पीने के पानी की किल्लत होने लगी है। कई इलाकों में टैंकर से पानी की सप्लाई की जा रही है। समय पर टैंकर न आने से भी लोगों को परेशानी हो रही है। दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार अब सीधे कांग्रेस के निशाने पर आ गई है।
उधर, कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर दिल्ली भाजपा मीडिया प्रभारी प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि 10 दिन पहले लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ने वाली कांग्रेस को अब आम आदमी पार्टी भ्रष्ट नजर आ रही है।