नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने यहां से देश को संबांधित करते हुए कहा- मैं सभी देशवासियों का ऋणी हूं। उन्होंने मजबूत दावे के साथ तीसरी बार सरकार बनाने की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने संकेत दिए हैं कि तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद एनडीए की सरकार कई बड़े फैसले ले सकती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने अकेले जितनी सीटें जीती हैं, उतनी सीटें इंडी गठबंधन मिलकर भी नहीं जीत पाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि इतनी गर्मी में भी आपके द्वारा बहाए गए पसीने ने मुझे काम करने के लिए प्रेरित किया है। इस आशीर्वाद के लिए मैं देशवासियों का ऋणी हूं।
इस शुभ दिन पर लगातार तीसरी बार सरकार बनना तय है। देश की जनता ने भाजपा और एनडीए पर पूरा भरोसा किया है। आज की जीत दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। यह भारत के संविधान के प्रति अटूट निष्ठा की जीत है। यह विकसित भारत की जीत है। ये सबका साथ, सबका विश्वास के मंत्र की जीत है। 140 करोड़ भारतीयों की जीत है।
उन्होंने आगे कहा कि मैं आज देश के चुनाव आयोग का भी अभिनंदन करुंगा। चुनाव आयोग ने दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव इतनी कुशलता के साथ संपन्न कराया है। इस चुनाव में करीब 100 करोड़ मतदाता, डेढ़ करोड़ मतदानकर्मियों ने 53 लाख वोटिंग मशीनों के साथ प्रचंड गर्मी में अपनी जिम्मेदारी निभाई। सुरक्षाकर्मियों ने कर्तव्यभाव का बोध कराया। भारत की चुनाव प्रक्रिया, चुनाव के पूरे सिस्टम पर हर भारतीय को गर्व है। ये अपने आप में बहुत बड़े गौरव का विषय है।
इस चुनाव में जम्मू-कश्मीर के मतदाताओं ने रिकॉर्डतोड़ वोटिंग करके अभूतपूर्व उत्साह दिखाया और भारत को बदनाम करने वाली ताकतों को आईना दिखाया है। मोदी ने कहा 1962 के बाद पहली बार कोई सरकार दो कार्यकाल पूरा करने के बाद तीसरे कार्यकाल के लिए लौट रही है। मोदी ने कहा कि ओडिशा में प्रभु जगन्नाथ की धरती पर पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री होगा। भाजपा वहां कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू और बिहार में नीतीश बाबू के नेतृत्व में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन किया है। गुजरात, छत्तीसगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश जैसे अनेक राज्यों में हमारी पार्टी ने क्लीन स्विप किया है। पीएम मोदी ने कहा कि दोस्तों 2013-14 में देश एक निराशा की गर्त में डूब चुका था। ऐसे समय में देश ने हमें निराशा के गहरे सागर से आशा के मोती निकालने का जिम्मा सौंपा था। इसके बाद हमें प्रचंड जनादेश मिला और एनडीए का दूसरा कार्यकाल विकास की ओर आगे बढ़ा। 2024 में हम इसी तरह देश के कोने-कोने में गए। आज तीसरी बार एनडीए को जो आशीर्वाद मिला है, मैं विजयी भाव से, जनता जनार्दन के सामने नतमस्तक हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि यह हमारे लिए भावुक क्षण है। मेरी मां के निधन के बाद यह मेरा पहला चुनाव था, लेकिन यकीन मानिए देश की करोड़ों माताओं, बहनों ने मुझे उनकी कमी महसूस नहीं होने दी। मुझे अभूतपूर्व स्नेह और आशीर्वाद मिला।
पीएम मोदी ने कहा कि देश के इतिहास में महिलाओं द्वारा दिए गए वोटों से रिकॉर्ड टूट गया है। मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता। देश की कोटि-कोटि माताओं-बहनों ने मुझे नई प्रेरणा दी है। हमने दुनिया की सबसे बड़ी जनकल्याणकारी योजनाएं चलाईं। आजादी के 70 साल बाद 12 करोड़ लोगों को नल से जल मिला है। आजादी के 70 साल बाद चार करोड़ जनधन खाते खुले हैं। अनुच्छेद 370 हटा, बैंकिंग रिफॉर्म हुए, जीएसटी आई। आप याद करिए कोरोना का इतना बड़ा संकट आया, हमने हर दबाव से हटकर कदम उठाया और इसी का नतीजा है कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से विकसित होती बड़ी इकोनॉमी है। राष्ट्र प्रथम की यही भावना भारत को आत्मनिर्भर बनाएगी। साथियों हमारे सामने एक महान संकल्प है। विकसित भारत का संकल्प। 10 साल के बाद लगातार तीसरी बार जनता-जनार्दन का प्यार, उनका आशीर्वाद हमारा हौसला बढ़ाता है। हमारे संकल्प को नई मजबूती, ऊर्जा देता है। हमारे विरोधी एकजुट होकर भी उतनी सीटें नहीं जीत पाए, जितनी इस लोकसभा चुनाव में अकेले भाजपा ने जीती है।
लोकसभा के नतीजों के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया(X) पर लिखा है- देश की जनता ने लगातार तीसरी बार एनडीए पर विश्वास जताया है। भारत के इतिहास में यह एक अभूतपूर्व पल है।
जनता का विश्वास मोदी के साथ है: अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नतीजों के बाद अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होेंने सोशल मीडिया(X) पर लिखा है- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए को लगातार तीसरी बार सेवा का मौका देने के लिए देश की जनता को कोटि-कोटि नमन करता हूं।