अहमदाबाद। लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कोबा, गांधीनगर में भाजपा मुख्यालय कमलम में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीआर पाटिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। प्रदेश अध्यक्ष पाटिल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में हमसे या सरकार से कहीं कोई चूक हो गई, जिस वजह से हम 26 सीटें नहीं जीत पाए। बनासकांठा सीट पर भाजपा की हार का हमें बेहद दुख है। इस सीट पर हुई हार के कारणों को जानने की कोशिश करेंगे। पाटिल ने माना कि मतदाताओं में कोई नाराजगी जरूर रही होगी, जिसका खामियाजा हमें उठाना पड़ा। जो भूल हुई होगी, उसे सुधारने की कोशिश करेंगे। जीतने वाली सीटों पर चर्चा करते हुए पाटिल ने कहा कि जिन सीटों पर हमें जीत मिली है, उसमें से 4 सीटें ऐसी हैं, जहां हमें 5 लाख से ज्यादा लीड मिली है। दो सीटों पर 7 लाख से ज्यादा की लीड है। साबरकांठा को छोड़कर लगभग सभी सीटों पर भाजपा की 1 से 2 लाख वोटों से जीत हुई है।