नई दिल्ली। आम चुनाव के नतीजे आने से एक दिन पहले निर्वाचन आयोग ने प्रेस काॅन्फ्रेंस आयोजित की। यह शायद पहली बार है कि जब मतदान खत्म होने के बाद चुनाव आयोग की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। पहले हर चरण के मतदान के बाद मीडिया ब्रीफिंग होती थी, लेकिन अब यह प्रथा बंद कर दी गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने 2024 के आम चुनाव को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने चुनाव की व्यवस्था और मतदान के सफल समापन को एक उपलब्धि बताया। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि यह चुनाव ऐतिहासिक था। 64 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। महिलाओं ने भी मतदान में खासा उत्साह दिखाया। 31 करोड़ से ज्यादा महिलाओं ने मतदान किया। 85 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों ने रिकॉर्ड मतदान किया है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने हेलीकॉप्टर जांच की घटनाओं के बारे में पत्रकारों को बताया कि देश में ऐसा कोई नेता नहीं है जिसके हेलिकॉप्टर की जांच न हुई हो। इसमें केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं। हमने अधिकारियों काे पूरा अधिकार दिया था। बता दें, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हेलिकॉप्टर की जांच होने पर भारी बवाल हुआ था।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया पर आपको लापता जेंटलमैन वापस आ गए के मीम्स दिखाई देंगे। आपको बताना चाहते हैं कि हम कभी लापता नहीं हुए थे।
भारत में 642 मिलियन मतदाता हैं। ये संख्या दुनिया के 27 देशों के वोटरों से 5 गुना ज्यादा है। इस चुनाव में 64 करोड़ से ज्यादा लोगों ने वोट देकर रिकॉर्ड बनाया है। हमने बुजुर्गों को घर से मतदान करने की व्यवस्था की थी। 85 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं ने घर से मतदान किया।