सूरत। मौसम विभाग ने समुद्र के किनारे 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है और डूमस-सुवाली बीच को पर्यटकों के लिए 7 जून तक बंद कर दिया गया है। इस दौरान मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। डूमस और सुवाली बीच पर पुलिस को तैनात कर दिया गया है। सूरत के साथ ही दक्षिण गुजरात में सभी समुद्रीतटों को बंद कर दिया गया है।
बरसात पर नजर रखने के लिए फ्लड कंट्रोल रूम कार्यरत, उकाई डैम अथॉरिटी अलर्ट
सूरत में 10 से 15 जून के तक मानसून के आने की संभावना है। हर साल की तरह इस साल भी पहली जून को बारिश पर नजर रखने के लिए फ्लड कंट्रोल रूम शुरू कर दिया गया है।
कलेक्टर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 1 जून को फ्लड कंट्रोल रूम शुरू कर दिया गया है। कंट्रोल रूप से 24 घंटे स्थिति पर नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही उकाई डैम से तापी में छोड़े जाने वाले पानी की भी निगरानी की जाएगी। सूरत के साथ ही तापी, नवसारी, वलसाड और डांग जिले भी फ्लड कंट्रोल रूम चालू किया गया है। इसके अलावा उकाई डैम अथॉरिटी द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।