नई दिल्ली। मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। आज गुरुवार को कोट्टायम जिले के कई इलाकों में बारिश हो रही है। उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी के बीच यह राहतभरी खबर है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून मौसम विभाग के पूर्वानुमान से एक दिन पहले गुरुवार को केरल के तट पर पहुंच गया। अब यह पूर्वोत्तर की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग(IMD) ने बुधवार, 29 मई को बताया था कि अगले 24 घंटों के दौरान केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। मौसम विभाग ने 15 मई को पूर्वानमान जताया था कि 31 मई तक केरल में मानसून का आगमन हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रविवार को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से गुजरे चक्रवात रेमल ने मानसून को बंगाल की खाड़ी की ओर खींच लिया है, जो पूर्वोत्तर में मानसून के जल्दी आने का एक कारण हो सकता है। सामान्यतौर पर केरल में 1 जून को मानसून आता है, इसके कुछ दिन बाद उत्तर-पूर्व में आता है और पांच जून तक देश के अधिकांश हिस्सों को कवल कर लेता है।
गुजरात में लोग जून के शुरुआत से पहले मानसून के आगमन का इंतजार कर रहे हैं। उधर, मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में गुजरात के चार जिलों में धूल भरी आंधी चलने की आशंका जताई है। कच्छ, सुरेंद्रनगर, पाटन और बनासकांठा में तेज हवाएं चलेंगी।