राजकोट। राजकोट के नाना मवा रोड पर टीआरपी गेम जोन के भीषण अग्निकांड में 28 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री और राजकोट लोकसभा सीट के भाजपा उम्मीदवार पुरुषोत्तम रुपाला सिविल अस्पताल पहुंचे। रुपाला काे देखते ही मृतकों के परिजन भड़क गए और कहने लगे कि चार दिन बाद आज आप लोगों से मिलने आए हैं। मीडिया में फोटो खिंचवाने आए हैं। इस पर रुपाला ने कहा कि मैं दूसरे दिन घटनास्थल पर ही था, पर यहां नहीं आया था। मैं लगातार अधिकारियों के संपर्क में था। दूसरे दिन मैं मुख्यमंत्री के साथ ही घटनास्थल पर था।
पुरुषोत्तम रुपाला ने सिविल अस्पताल में अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद कहा कि कितने शवों का डीएनए आया है, कितना बाकी है, उसमें कितना समय लगेगा, इसकी जानकारी के लिए मैंने संबंधित अधिकारी से चर्चा की है। 17 डीएनए टेस्ट यहां आए हैं। सभी शवों को गांधीनगर एफएसएल भेजा गया है और की 10 रिपोर्ट अभी लंबित हैं।