सूरत। राजकोट में गेम जोन अग्निकांड के बाद सूरत नगर निगम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना फायर एनओसी के चल रहे 10 गेम जोन को बंद करवा दिया। नगर निगम ने रविवार काे रांदेर और अठवा जोन में बड़ी कार्रवाई की है। राजकोट की तरह सूरत में भी पतरे के शेड में कई गेम जोन चल रहे हैं। तक्षशिला अग्निकांड के बाद नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू की थी। नगर निगम ने अस्थायी शेड में चल रहे गेम जोन को बंद करवा दिया है, पर गेम जोन चलाने वालों पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
नगर निगम की ओर से गेम जोन की जांच करने के लिए चार टीम बनाई गई है। टीम द्वारा रविवार को शहर में 17 स्थानों पर चल रहे गेम जोन की जांच की गई। इसमें से अधिकांश गेम जोन पतरे के शेड में चल रहे थे। इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में चल रहे चार मेला, जादू और सर्कस को भी बंद कराया गया है। जांच के दौरान 10 गेम जोन बंद कराए गए।
बंद कराए गए गेम जोन
अठवा जोन: एक्सप्लोर गेम जोन, रिबाउंस, शॉट ब्लैक बन्नी, वुप, फ्युचर जोन, वेलेन्टाइन, अवध यूटोिपया गेम जोन।
रांदेर जोन: डीएक्स गेम जोन, राजहंस सिनेमा गेम जोन।
वराछा जोन: फन फेर गेम जोन।
इन जगहों पर जांच की गई
- वीआर मॉल में फंकीमंकी
- वीआईपी रोड पर ब्लैकबनी
- सेलिब्रेशन, वीआईपी रोड, वेसू
- गैलेक्सी गेम जोन, वीआईपी रोड
- प्लेटिनम गेम जोन, सिटीलाइट
- राहुलराज मॉल गेम जोन
मेला, जादू और सर्कस भी बंद करवाए गए
राजकोट अग्निकांड के बाद नगर निगम ने सतर्कता बरतते हुए सूरत में चल रहे मेला, जादू और सर्कस बंद करवा दिए हैं। अठवा गेट के पास वनिता विश्राम, खाटू श्याम मंदिर के सामने, वीआर मॉल के सामने चल रहे तीन मेले और गौरव पथ पर मेला को बंद करवा दिया गया है। इसके अलावा वराछा में रेम्बो सर्किल और डिंडोली में जादूगर के शोे को भी बंद करवा दिया है।