राजकोट। ऊना तहसील के भडियादर गांव का युवक लुटेरी दुल्हन का शिकार हो गया। दलालों ने युवक ने 1.75 लाख रुपए लेकर महाराष्ट्र की युवती से शादी करवाई थी। शादी के छह दिन के बाद युवती सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गई। युवक ने ऊना थाने में युवती और दलाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
भडियादर गांव में रहने वाले कानजी पूनाभाई ने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि उसके भाई रामभाई की शादी नहीं हो रही थी। उसकी बहन ने गांव में रहने वाले रमेश टांक से बात की तो उसने बताया कि सूरत में कुछ लोग हैं, जो पैसे लेकर शादी करवाते हैं। इसके बाद रमेश टांक ने कानजी और राम का संपर्क सूरत के दलाल वेदुभाई, जीतूभाई से कराया। दोनों दलालों ने शादी करवाने का वादा किया। इसके बाद कानजी अपने भाई और बहन के साथ महाराष्ट्र के थाणे में लड़की देखने गया। दलालों ने 1लाख 75 हजार रुपए में शादी पक्की करवाई। रामभाई की युवती के साथ विधि-विधान से शादी हो गई और दुल्हन लेकर थाणे से अपने गांव आ गए। 18 मई को युवती के दांत में दर्द होने लगा। उसका पति इलाज करवाने अस्पताल लेकर गया। केस पेपर निकालने के बाद दोनों डॉक्टर को दिखाने का इंतजार कर रहे थे, इसी बीच युवती बाथरूम जाने के बहाने अस्पताल से फरार हो गई। काफी देर तक वापस न आने पर उसकी खोजबीन शुरू की गई, पर कुछ पता नहीं चला। युवती के अचानक लापता होने पर कानजी और राम को ठगे जाने का पता चला। ऊना पुलिस ने केस दर्ज करके युवती की तलाश शुरू कर दी है।