सूरत। बीकानेर से गिरफ्तार अबू बकर ने क्राइम ब्रांच के सामने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि अगर प्लान सफल रहता तो सबसे पहले हिन्दु नेता उपदेश राणा की हत्या करने वाला था, क्योंेकि एक करोड़ की सुपारी उसे ही मिली थी। हालांकि उसे रुपए नहीं मिले थे, वह रुपए का इंतजार कर रहा था। सूरत में गिरफ्तार मौलवी मोहम्मद सोहेल तिमोल का वाॅट्सएप चेक करने के बाद पुलिस अबू बकर तक पहुंची है। पुलिस ने अबू बकर को सात दिन की रिमांड पर लिया है। इस दौरान और भी कई चाैंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। अबू बकर दूसरे देशों का वर्चुअल नंबर लेकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
बता दें, अबू बकर का असली नाम अशोक सुथार है अौर वह राजस्थान के बीकानेर का मूल निवासी है। एक पाकिस्तानी लड़की से शादी करने के लिए वह अशोक से अबू बकर बन गया था। अशोक के अबू बकर बनने की जानकारी उसके परिवार वालों को भी नहीं है। अशोक की करतूतों को जानने के बाद उसका परिवार भी हैरत में है।
पुलिस ने बताया कि अबू बकर इकरा रियाज नामक लड़की से बहुत प्रभावित था। उसके कहने पर दिल्ली में 25 बार कलमा भी पढ़ा था। इसके अलावा पाकिस्तान में कुरान पढ़ाने वाली शिक्षिका हाफिज आयदा से कुरान की शिक्षा भी ली थी। अबू बकर इकरा रियाज के अलावा रमोना डिजाइनर, अलीना टीचर, हाफिज आयशा, अदीना इकबाल, ताहिरा खानूम, माही, हनिया यमीमा, मतशा और फरहीन के संपर्क में था। पुलिस ने बताया कि अबू बकर इंटरनेट पर बातचीत करने के लिए लाओस का नंबर हासिल करके सूरत में सोहेल और पाकिस्तान की दस युवतियों से बातचीत करता था।