अहमदाबाद/सूरत। मौसम विभाग की हीटवेव की चेतावनी के बाद अहमदाबाद में 24 मई तक रेड अलर्ट जारी किया गया है। रेड अलर्ट को लेकर मौसम विभाग और नगर निगम आमने-सामने आ गया है। मौसम विभाग ने केवल ऑरेंज अलर्ट दिया था। वहीं, नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के एक उच्च अधिकारी ने मीडिया के सामने आधिकारिक रूप से स्वीकार किया कि रेड अलर्ट दिया गया है। मौसम विभाग 44 डिग्री से ऊपर और 45 डिग्री से कम तापमान होने पर ऑरेंज एलर्ट पर अडिग है। बता दें, नगर निगम की ओर से एक प्रेस नोट जारी किया गया है, जिसमें मौसम विभाग का हवाला देकर 24 मई तक रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि रेड अलर्ट का कोई प्रेस नोट जारी नहीं किया गया है।
उधर, सूरत नगर निगम हीटवेव की चेतावनी काे लेकर सतर्क हो गया है। कंस्ट्रक्शन साइट पर दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक काम बंद रखने का निर्देश दिया गया है। नगर निगम के सभी अर्बन हेल्थ सेंटर को शाम 7:00 बजे तक खुले रहेंगे। इसके साथ ही अन्नपूर्णा योजना केंद्र पर श्रमिकों को छाछ वितरण करने की सूचना दी गई है। नगर निगम ने सफाईकर्मियों के समय में भी बदलाव किया है।