राजकोट। राजकोट में सगाई तोड़ने पर गुस्साए युवक ने युवती की मां को आग लगाकर जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जामनगर रोड पर स्लम क्वार्टर में रहने वाली भारतीबेन रमेशभाई परमार(58) पर आरोपी रवि वजुभाई सोलंकी ने पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी भारतीबेन को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर अागे की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि भारतीबेन को चार बेटियां हैं। इसमें से तीन बेटियोें की शादी हो गई है। सबसे बड़ी बेटी मधु की शादी अभी बाकी है। भारतीबेन के पति का डेढ़ साल पहले निधन हो गया था। भारतीबेन ने डेढ़ महीने पहले ही बगसरा बस स्टैंड के पास रहने वाले रवि के साथ बेटी की सगाई की थी। बाद में पता चला कि रवि अच्छा नहीं है तो भारतीबेन से सगाई तोड़ दी थी। सगाई तोड़ने के बाद रवि उसकी बेटी को परेशान करने लगा था। कल रात को भारतीबेन बेटी के साथ खाना खाकर घर में बैठी थी, तभी रवि ने मधु को फोन करके कहा कि तुम्हें और तुम्हारी मां को जिंदा जला दूंगा। रवि की बात सुनकर मधु डर गई थी। रात करीबन डेढ़ बजे मधु अपनी मां भारती के साथ घर में सो रही थी, तभी रवि आया और खिड़की से अंदर पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी। आग में भारतीबेन गंभीर रूप से झुलस गई। उसे इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। बर्न वार्ड में भर्ती भारतीबेन की हालत ज्यादा गंभीर है। मधु की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।