नई दिल्ली। आज पांचवें चरण का मतदान हो रहा है। देश के 8 राज्यों और केंद्र शासति प्रदेशों की कुल 49 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। लोग सुबह से मतदान कर रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर और राष्ट्रीय चुनाव आइकन सचिन तेंदुलकर और उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने मुंबई में मतदान किया। उद्योगपति अनिल अंबानी ने भी मुंबई में वोट डाला। उधर, कांग्रेस नेता और रायबरेली उम्मीदवार राहुल गांधी मतदान केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से भी बातचीत की। राहुल गांधी ने रायबरेली पहुंचने पर सबसे पहले पिपलेश्वर हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की थी।
पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड समेत दो केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर और लद्दाख में मतदान हो रहा है। फिल्मी दुनिया के कई नामी सितारे भी वोट डालने मतदान केंद्र पहुंच गए। अक्षय कुमार ने जुहू में वोट डाला। इसके अलावा धर्मेन्द्र, हेमा मालिनी, एशा देओल, गायक कैलाश खेर, परेश रावल ने भी वोट डाला। सलमान खान के पिता सलीम खान पत्नी सलमा खान के साथ वोट देने मतदान केंद्र पहुंचे। अभिनेत्री जान्हवी कपूर और जोया अख्तर ने भी मतदान किया। अभिनेता और निर्देशक परहान अख्तर, अनिल कपूर ने भी वोट डाला।
इसके अलावा रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर शक्तिकांत दास और उद्धव ठाकरे ने मतदान किया। वोट डालने के बाद शक्तिकांत दास ने कहा कि- हर भारतीय के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण है। वहीं, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने लखनऊ में मतदान किया।
बता दें, पांचवें चरण में 8 करोड, 95 लाख से अधिक वोटर्स 94732 मतदान केंद्रों पर वोट डालेंगे। पांचवें चरण की 49 सीटों पर कुल 695 उम्मीदवार मैदान में हैं। निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए 17 विशेष ट्रेन और 508 हेलीकाॅप्टर का उपयोग किया।