सूरत। नगर निगम की ओर से संचालित नगर प्राथमिक शिक्षा समिति के स्कूल प्राइवेट स्कूलों को टक्कर दे रहे हैं। यहां प्राइवेट स्कूलों जैसी सुविधाएं और शिक्षा छात्रों को दी जाती है। यही कारण है कि सुमन हाईस्कूल में 9वीं में एडमिशन लेने के लिए छात्रों की लंबी लाइन लगती है। यहां जितने छात्रों को एडमिशन मिलता है, उससे ज्यादा छात्र वेटिंग लिस्ट में होते हैं।
शहर के अलग-अलग इलाकों में नगर निगम के 23 हाईस्कूल चल रहे हैं, जिसमें 13 हजार से अधिक छात्र पढ़ते हैं। माध्यमिक शिक्षा की जिम्मेदारी न होने के बावजूद नगर निगम गरीब और मध्यम वर्ग के छात्रों को 10वीं तक शिक्षा देने के लिए सुमन हाईस्कूल चला रही है। यहां की पढ़ाई और सुविधाएं प्राइवेट स्कूलों से बेहतर हैं। सुमन हाईस्कूल में 10वीं और 12वीं बोर्ड के परिणाम 95% के आसपास है। नगर निगम के स्कूल में पढ़ने वाले छात्र टॉपटेन में आ रहे हैं।
नगर निगम के 23 सुमन हाईस्कूल में नौंवी के 98 वर्ग हैं। एक क्लास में 60 छात्रों को एडमिशन दिया जाता है। लिंबायत के नीलगिरी में सुमन हाईस्कूल नं. 5 और उधना में स्कूल नं. 6 में नौंवी के कुल 10 वर्ग हैं। यहां नौवीं में 5400 छात्रों को एडमिशन दिया जाना है, पर हालात यह है कि एडमिशन के लिए 11 हजार से ज्यादा आवेदन जमा हुए है। अब मेरिट लिस्ट बनाकर छात्रों को उसके अनुसार प्रवेश दिया जाएगा।